फुलवारीशरीफ। फुलवारी शरीफ के खगौल लख के पास रविवार को नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान रूपसपुर थाना क्षेत्र के छोटी जगनपुरा निवासी रिशु कुमार (18) के रूप में हुई है. वह 22 अक्टूबर की रात से लापता था।
खगौल से रूपसपुर घर लौटने के दौरान लापता हुआ था रिशु कुमार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज नहर में शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकलवाया और परिजनों को इसकी जानकारी दी. मौके पर पहुंचे पिता अनिल राम ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।
परिजनों के अनुसार, रिशु 22 अक्टूबर की रात खगौल स्थित जगत नारायण कॉलेज के पास अपने ननिहाल से रूपसपुर स्थित घर लौटने के लिए निकला था. इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा. काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. पिता अनिल राम ने बताया कि उन्होंने बेटे के लापता होने की सूचना खगौल थाने को दी थी, लेकिन उनका आवेदन नहीं लिया गया. इसके बाद उन्होंने एम्स के नजदीक स्थित ओपी प्रभारी रवि कुमार को मामले की जानकारी दी.
रविवार दोपहर नहर में शव मिलने की खबर मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया. ओपी प्रभारी ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद अनिल राम वहां पहुंचे और शव की पहचान की. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
फुलवारी शरीफ थाना के एडिशनल एसएचओ दिवाकर कुमार ने बताया कि दोपहर में लख में जहां घास की झाड़ियां उपजी हुई थी, वहां एक आदमी के पैर का ऊपरी हिस्सा केवल नजर आ रहा था. काफी देर बाद जब वह उसे निकाला गया तो एक युवक का डेड बॉडी था जिसकी पहचान करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नहर में युवक का शव मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पिता ने आशंका जतायी कि नशे की हालत में नहर में गिरने से बेटे की मौत हुई होगी. हालांकि, रिशु किन परिस्थितियों में नहर तक पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है. ओपी प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स 0
अभी कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!