अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी, बथनाहा में सोमवार को ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय सहित सभी अधीनस्थ सीमा चौकियों (बीओपी) पर अधिकारियों और जवानों ने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी प्रवीण कुमार के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी बनाए रखने, कानून का पालन करने, रिश्वत लेने और देने से दूर रहने तथा सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता एवं उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
**सीमा चौकियों पर भी लिया गया संकल्प**
वाहिनी मुख्यालय के साथ-साथ सभी अधीनस्थ सीमा चौकियों पर तैनात अधिकारियों और जवानों ने भी राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रतिज्ञा ली। इस दौरान भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि सतर्कता केवल एक सप्ताह तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन और कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यपरायणता से ही एक सशक्त एवं भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि सजग और अनुशासित बल न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा करता है, बल्कि सुशासन और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम का समापन ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने के संकल्प के साथ हुआ।
कमेंट्स 0
अभी कोई कमेंट नहीं है। पहला कमेंट आप करें!